झोलाछाप की दुकान में किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, हंगामा

हरिद्वार : पथरी क्षेत्र के एक गांव में झोलाछाप की दुकान पर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। दरअसल, झोलाछाप कुछ देर के लिए दुकान से कहीं गया था। आरोप है कि उसके दोस्त ने कुंडी लगाकर किशोरी के साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के स्वजन ने दुकान पर हंगामा भी किया। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम एक किशोरी दवाई लेने गांव में ही झोलाछाप की दुकान पर गई थी। झोलाछाप किसी काम से उठकर बाहर चला गया। आरोप है कि उसी दौरान उसके दोस्त ने अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। कुछ देर में किशोरी के स्वजन व अन्य ग्रामीण पहुंचे तो युवक भाग निकला। किशोरी की आपबीती सुनकर स्वजन भड़क गए और दुकान पर हंगामा किया। आरोप है कि पुलिस चौकी जाने के दौरान आरोपित के स्वजन और कुछ ग्रामीणों ने रोकते हुए समझौते का प्रयास भी किया। पथरी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।










